कांवड़ यात्रा वाले मार्गों पर दुरुस्त होंगी विद्युत लाइन
कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न मार्गों से होकर गुजरने वाले शिवभक्ताओं को जर्जर विद्युत लाइन की वजह से समस्या न हो, इसकी तैयारी बिजली निगम के अफसरों ने शुरू कर दी है। ईई ने मुख्य मार्गों को क्रॉस कर रही जर्जर हो चुकी लाइन को बदलने के निर्देश दिए हैं।
शिवरात्रि के मद्देनजर शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार, गौमुख रवाना होने लगे हैं। जल्द ही शिवभक्त जल लेकर अपने गंतव्यों की ओर बढ़ेंगे। मेरठ, बुलंदशहर रोड पर बड़ी संख्या में शिवभक्तों का आवागमन रहता है।
इस मार्ग को कई स्थानों पर विद्युत लाइन भी क्रॉस कर रही है। कुछ स्थानों पर विद्युत लाइन जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। शिवभक्तों को परेशानी न हो, इसके लिए अधिशासी अभियंता ने जर्जर हो चुकी विद्युत लाइन को बदलने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कर्मियों को किसी भी तरह की लापरवाही न बरते की चेतावनी दी है। अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बतया कि कर्मियों को निर्देश जारी कर दिया गया है। जल्द ही तारों को बदल दिया जाएगा।