इमटौरी के ग्रामीणों ने सीओ कार्यालय पर किया हंगामा
हापुड़। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव इमटौरी में 12 नवंबर को हुए संघर्ष में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के विरोध में बृहस्पतिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने सीओ कार्यालय पर हंगामा कर, कार्रवाई की गुहार लगाई, साथ ही पुलिस पर एक तरफा कार्रवाई का भी आरोप लगाया।
बृहस्पतिवार को गांव इमटौरी के ग्रामीण सीओ सिटी कार्यालय पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि 12 नवंबर को गांव में दो पक्षों में संघर्ष हो रहा था। यह संघर्ष गांव निवासी बंटी पुत्र बाबूराम के बाहर हो रहा था। इस बात का बंटी ने विरोध कर दिया।
विरोध करने पर दोनों पक्ष बंटी के घर में घुस आए। जहां सभी लोगों ने लाठी डंडों और सरियों से पूरे परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में बंटी के परिवार की शिवानी, आरती, मीना, बंटी, नरेंद्र, बसंती और रूबी गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
इस मामले में बंटी की ओर से थाना हाफिजपुर में तहरीर दी गई थी। आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपियों गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इतना ही नहीं खुलेआम घूम रहे आरोपित जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
इस मामले में बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने सीओ कार्यालय पर हंगामा कर दिया। एएसपी को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।