आज से शुरू होगा मतदाता पुनरीक्षण अभियान
हापुड़। आज से लोकतंत्र के महोत्सव का आगाज हो रहा है। भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुसार जिले भर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। आगामी पहली सितंबर से चार जनवरी 2019 तक चलने वाले महाभियान को सफल बनाने के लिए चुनाव आयोग ने तिथिवार कार्ययोजना तैयार की है। कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम अदिति सिंह दोपहर 11 बजे एसएसवीपीजी कालेज में आयोजित कार्यक्रम में करेंगी।
लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारियों जुटे भारत निर्वाचन आयोग मतदाता सूची को अद्यतन किए जाने की कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत पहली सितंबर को जिला निर्वाचन कार्यालय से विधानसभावार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों को बूथों पर प्रकाशित किया जाएगा। इस पर आगामी 31 अक्टूबर तक दावे और आपत्तियों को स्वीकार किया जाएगा। इसी बीच आगामी 13 सितंबर के अलावा 10 अक्टूबर और 24 अक्टूबर को विशेष आयोजन करते हुए ग्राम पंचायतों तथा स्थानीय निकायों की बैठक में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों को पढ़ा जाएगा तथा सत्यापन किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग ने इस दौरान विशेष अभियान भी चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत आगामी नौ तथा 23 सितंबर के अलावा सात, 14 तथा 28 अक्टूबर को यह अभियान चलेगा। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेबिल एजेंटों के साथ सभी पदाभिहीत स्थानों पर दावे और आपत्तियों को प्राप्त किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने पहली सितंबर से 31 अक्टूबर के बीच बूथ लेबिल अधिकारियों को घर-घर भ्रमण कर मतदाता नामावली के मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा तथा पूरक नामावली तैयार की जाएगी। इसी अवधि में निर्वाचक नामावली से बोगस मतदाताओं का नाम हटाने के लिए भी खास अभियान चलाया जाएगा। इसके उपरांत 10 नवंबर तक निर्वाचन कार्यालय की ओर से अभियान के दौरान मिलने वाले दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी का अनुमोदन हासिल करने के साथ ही जिला निर्वाचन कार्यालय आगामी चार जनवरी 2019 को फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुसार तैयारी पूरी कर ली गई है। निर्धारित समय से अभियान शुरू कर लिया जाएगा।