भारतीय किसान संघ ने की पूठ गंगा पर पुल बनाने की मांग
गढ़मुक्तेश्वर। भारतीय किसान संघ की बैठक में बकाया गन्ना भुगतान दिलाने और पूठ गंगा पर पुल बनाने की मांग उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
गढ़ तहसील क्षेत्र के गांव भदस्याना में बृहस्पतिवार को भारतीय किसान संघ की बैठक का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता संजीव शर्मा और संचालन वीर सिंह आर्य ने किया। बैठक में जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह ने कहा कि सिंभावली और ब्रजनाथपुर शुगर मिल पर किसानों का करोड़ों रुपया बकाया चल रहा है। भुगतान न मिलने से किसानों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा किसानों का भुगतान दिलाने के लिए कोई कवायद नहीं की जा रही। यशपाल सिंह ने कहा कि यदि शुगर मिलों द्वारा जल्द से जल्द बकाया गन्ना भुगतान नहीं किया गया, तो भारतीय किसान संघ मिल परिसर में धरना प्रदर्शन कर उग्र आंदोलन के लिए मजबूर हो जाएगा। बैठक में कुशलपाल आर्य ने कहा कि क्षेत्र के गांव पुष्पावती पूठ देश का पहला गंगा ग्राम घोषित है, इसके बावजूद पूठ विकास से अछूता है। उन्होंने पूठ में गंगा पर पुल बनाए जाने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पूठ में गंगा पर पुल बनने से क्षेत्र के लोगों का बुलंदशहर समेत ब्रजघाट के लिए आवागमन सुलभ हो जाएगा। मौके पर संजीव शर्मा, बाबूराम शर्मा, लक्ष्मीकांत, कर्मबीर, सुमित आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।