बाबूगढ़ कैंट में मृतक लाइनमैन के परिजनों ने किया हंगामा
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कैंट इलाके में मंगलवार को विद्युत लाइन पर कार्य करते समय एक लाइनमैन की मौत के मामले में बुधवार को मृतक के परिजनों ने कैंट में जमकर हंगामा किया। एसडीएम, सीओ ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह लोगों को शांत कराया।
उल्लेखनीय है कि मेरठ के गांव महल थाना इंचौली निवासी रविंद्र कुमार मंगलवार को बाबूगढ़ कैंट में विद्युत संबंधी कार्य कर रहा था। इसी दौरान तेज प्रवाह के करंट की चपेट में आने से रविंद्र कुमार बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में लाइनमैन को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को मृतक के परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप था कि ठेकेदार ने पर्याप्त संसाधन नहीं दिए, जिनके अभाव ने रविंद्र की मौत हुई है। हंगामा बढ़ने की सूचना पर एसडीएम सत्यप्रकाश और सीओ राजेश कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए।
एसडीएम ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान ठेकेदार ने परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन पर परिजन शांत हुए।
कोट
एसडीएम सत्यप्रकाश का कहना है कि लाइनमैन ने शट डाउन लेकर कार्य किया था, लेकिन आपूर्ति कैसे चालू हो गई, इसकी जांच करा रहे हैं, सेना के अधिकारी भी जांच-पड़ताल कर रहे हैं। बहरहाल, ठेकेदार ने परिजनों को 10 लाख रुपये देने का आश्वासन दिया है, यह चैक परिजनों को दिलवा दिया जाएगा।