मानदेय के लिए संविदा कर्मियों ने बिजलीघरों पर दिया धरना
हापुड़। बिजली निगम में तैनात संविदा कर्मचारियों को बीते तीन महीने से मानदेय नहीं मिल सका है। महंगाई के दौरान में कर्मचारियों को कर्ज पर पैसा लेकर परिवार खर्च चलाना पड़ रहा है। इसके विरोध में बुधवार को कर्मियों ने बिजलीघरों पर प्रदर्शन किया। जल्द राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने बताया कि वह कड़ी मेहनत कर बिजली व्यवस्था को बहाल रखते हैं। लेकिन उनकी समस्या पर कोई ध्यान नहीं देना चाहता। आलम यह है कि बीते तीन महीने से उन्हें बिना मानदेय के ही कार्य करना पड़ रहा है। इसके विरोध में बुधवार को जिलेभर के बिजलीघरों पर संविदा कर्मियों ने जोरदार धरना प्रदर्शन किया। जल्द मानदेय नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है। धरना प्रदर्शन करने वालों में आकाश कुमार, दिनेश कुमार, अश्वनी कुमार, अमित चौधरी, सोनू, तारा सिंह, सोनित आदि मौजूद रहे।