डिवाइडर से टकरायी तेज रफ्तार बाइक, एक की मौत
हापुड़। सिंभावली से हापुड़ की ओर जा रहे बाइक सवार दो युवक तेज रफ्तार होने के कारण बाबूगढ़ में डिवाइडर से टकरा गये। दोनों को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया, जहां एक युवक की रास्ते में मौत हो गयी।
बुधवार शाम सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव टोडलपुर निवासी राजू (20) पुत्र भगवत अपने दोस्त अंकित पुत्र छोटे सिंह निवासी नवादा के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से हापुड़ जा रहे थे। जैसे ही दोनों बाबूगढ़ स्थित शिवा ढाबे के पास पहुंचे तो बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया, लेकिन राजू ने मेरठ के पास पहुंचते ही दम तोड़ दिया, जबकि अंकित की हालत गंभीर बनी हुई थी। राजू का मेरठ में ही पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। बाबूगढ़ थाना प्रभारी अजय चौधरी ने बताया कि दोनों युवकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।