बोर्ड बैठक में आज उठेगा मिनी स्टेडियम का मुद्दा
हापुड़। जिले में मिनी स्टेडियम बनाने की मांग फिर से तेज होने लगी है। बृहस्पतिवार को एचपीडीए में होने वाली बोर्ड बैठक में इस मुद्दे को उठाया जा सकता है। यह सौगात मिली तो युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा।
हापुड़ को जिला बने आठ साल से अधिक समय हो चुका है। लेकिन यहां अभी तक स्टेडियम की व्यवस्था नहीं हो सकी है। एचपीडए ने पूर्व में आनंद विहार योजना में स्टेडियम के लिए जमीन आरक्षित की थी लेकिन शासन से बजट का आवंटन न होने तथा जमीन कम होने के चलते तत्कालीन मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में जमीन का प्रस्ताव रद्द करते हुए पीएम आवास योजना के लिए आरक्षित कर दिया। स्टेडियम न बनने से युवाओं को खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने के लिए दूसरे जिलों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कई बार स्टेडियम की मांग को उठाया जा चुका है। लेकिन यह मांग पूरी नहीं की जा सकी है।
बृहस्पतिवार को एचपीडीए में बोर्ड बैठक का आयोजन होगा। इसमें मिनी स्टेडियम की मांग को भी उठाया जाएगा। इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिली तो युवाओं को बड़ी सौगात मिल जाएगी।