ओवरलोड ट्रालियां आपस में भिड़ीं, हाइवे पर लगा लंबा जाम
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाइवे पर एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में भूसे से भरी दो ओवरलोड ट्राली एक दूसरे से भिड़ गई। जिससे हाइवे पर जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
मंगलवार की दोपहर हापुड़ की तरफ से गढ़ जा रहीं भूसे से भरी दो ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रालियों के चालकों के बीच एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ लग गई। जिसके चलते नेशनल हाइवे पर सिंभावली क्षेत्र में किसान डिग्री कॉलेज के सामने दोनों ट्रालियां एक दूसरे से भिड़ गईं। हाइवे पर रास्ता बंद होने से दिल्ली की तरफ से आ रहा ट्रैफिक थम गया, जिसके चलते वाहन चालकों ने दूसरी साइड से निकलने की कोशिश की। जिसके चलते हाइवे पर दोनों तरफ जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रालियों को हाइवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।