शारदा योजना से सुधरेगा परिषदीय विद्यालयों का शैक्षिक स्तर
हापुड़। परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक स्तर सुधारने के लिए जिले में शारदा (स्कूल हर दिन आए) योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत छात्रों की नियमित उपस्थिति बढ़ेगी। विद्यालय में कक्षाएं खाली नहीं चल सकेंगी। शासन के आदेश पर बीएसए ने अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
शासन परिषदीय विद्यालयों को कांवेंट स्कूलों की तर्ज पर चलाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। परिषदीय विद्यालयों में छात्र पंजीकरण होने के बावजूद कई दिन तक स्कूल नहीं आ पाते हैं। ऐसे में कक्षाएं भी खाली चलती हैं।
इस समस्या से निजात दिलाने को शासन ने शारदा योजना को जिले में लागू कर दिया गया है। इस योजना के तहत पंजीकृत छात्रों को प्रतिदिन स्कूल बुलाया जाएगा। यदि छात्र स्कूल नहीं आता तो गुरुजी घर जाकर अभिभावकों से जानकारी करेंगे। योजना के तहत हर हाल में छात्रों की उपस्थिति को बढ़ाना है।
स्कूल चलो अभियान के तहत ही इस योजना से शिक्षकों को अवगत करा दिया है। मंगलवार से शिक्षकों ने इस योजना पर कार्य करना भी शुरू कर दिया है। ऐसे में अब परिषदीय विद्यालयों की प्रत्येक कक्षा फुल चलेगी, जिससे शिक्षा के स्तर में भी सुधार आएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कमल सिंह का कहना है कि शारदा योजना के तहत स्कूलों में छात्रों की नियमित उपस्थिति बढ़ायी जाएगी। इस संबंध में अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है।