कटौती से परेशान लोगों ने बिजलीघर का किया घेराव, कर्मचारियों को बनाया बंधक
धौलाना। तीन दिन से लगातार अघोषित विद्युत कटौती से त्रस्त करीब दर्जनभर से अधिक गांव के किसान प्रतिनिधियों ने बिजलीघर का घेराव किया। इस दौरान लोगों ने बिजलीघर पर कर्मचारियों को बंधक बनाकर प्रदर्शन किया। अधिकारियों द्वारा दो दिनों के अंदर आपूर्ति में सुधार के आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
उपभोक्ताओं ने बताया कि 3 दिन से लो वोल्टेज के कारण किसानों के नलकूपों से पानी तक नहीं निकल पा रहा है। किसानों का कहना है कि एक तो मानसून देरी से है ऊपर से बिजली की अघोषित कटौती ने जीना मुहाल कर दिया है। इस मौके पर विरोध-प्रदर्शन करने वालों में जिला पंचायत सदस्य उमेश वर्मा पूर्व भाजयुमो जिला अध्यक्ष उपेंद्र राणा, सुरेंद्र सिंह, धीरेंद्र सिंह, कमल सिंह आदि शामिल रहे। इस दौरान लोगों ने विभाग को चेतावनी दी कि अगर विद्युत आपूर्ति नियमित नहीं की गई तो चक्का जाम कर अधिकारियों को बंधक बनाया जाएगा। इस अवसर पर गाँव सपनावत ,छज्जूपुर, भाबा ,भूडिया ,दहीरपुर ,नरैना ,रजाकपुर, डहाना, पारपा समेत अन्य गांवों के अन्य किसान मौजूद रहे।