भीषण गर्मी में कूलर व पंखे फेल, उमस ने किया बेहाल
हापुड़। कड़ी धूप, भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दोपहर के समय तेज धूप व गर्म हवाओं के बीच लोग बाहर जाने से बच रहे हैं। गर्मी के चलते लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। सुबह से ही तेज धूप के कारण लोगों को बाहर निकलने के नाम पर ही पसीना आ रहा था।
सूरज की तपिश लोगों को बेहाल किए हुए है। शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन भर कड़ी धूप रहने से सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता था। अगर किसी काम से लोगों को बाहर निकलना पड़ता है तो वह गर्मी से बचने के लिए टोपी, कपड़ा, चशमा लेकर निकल रहे थे। वहीं मजदूरों, रिक्शा चालकों और खेतों में काम करने वाले लोगों को गर्मी में काफी परेशानी होना पड़ रहा है। खुले में काम करने वाले मजदूरों की कार्य क्षमता भी गर्मी के कारण कम होती जा रही है। गर्मी से इंसान ही नहीं सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशु भी परेशान हैं वह भी छांव कि तलाश में इधर उधर भटकते रहते हैं। गर्मी के बीच में लोगों को उमस भी परेशान किए हुए हैं।
आलम यह है कि दिन भर बाजारों में लोगों की संख्या काफी कम होती है, उधर मौसम जानकारों के अनुसार बुधवार के बाद मौसम बदलने के आसार हैं। बृहस्पतिवार से बारिश की संभावना है।