सड़क हादसों में दंपति समेत सात घायल
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़, सिंभावली और बहादुरगढ़ क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दंपति समेत सात लोग घायल हुए। जिनमें हालत गंभीर होती देख चिकित्सकों ने दो घायलों को मेरठ को रेफर कर दिया।
जनपद अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र के गांव आदमपुर निवासी मोहित अपने दोस्त संदीप के साथ दिल्ली की प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है, जो शुक्रवार की रात को दिल्ली से घर लौट रहा था। सिंभावली क्षेत्र में नेशनल हाइवे पर गांव सिखैड़ा के पास अज्ञात वाहन की साइड बाइक से लग गई। जिसमें दोनों युवक घायल हो गए। दूसरी घटना शनिवार की दोपहर को गढ़ क्षेत्र में गांव नानपुर के पास हुई, जहां सड़क पार कर रहे आवारा पशु से बचने की कोशिश में संतुलन बिगड़ने से अनियंत्रित बाइक फिसल गई। इस घटना में मेरठ के शास्त्री नगर का जयकरण और पत्नी निशा घायल हो गई, जो स्याना में रिश्तेदार के घर से वापिस लौट रहे थे। तीसरी घटना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सदरपुर के पास हुई, जहां तेज रफ्तार कैंटर की साइड लगने से कार में सवार सुहेल, मोमीन और चालक शौकत निवासी औरंगाबाद जनपद बुलंदशहर घायल हो गए, जो दोस्त की शादी के लिए मेरठ से कपड़े खरीदने जा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को स्थानीय चिकित्सकों के पास भर्ती करा दिया। जहां परीक्षण के दौरान हालत गंभीर होती देख चिकित्सकों ने संदीप और मोहित को मेरठ के लिए रेफर कर दिया।