मेगा ब्लाक के कारण बाधित रही ट्रेनें
हापुड़। कुचेसर रोड चौपला के बीच दयानतपुर फाटक पर अंडरपास निर्माण के चलते सुबह आठ से दोपहर बाद साढ़े तीन बजे तक मेगा ब्लाक रखा गया। इस दौरान कई ट्रेनें प्रभावित रही जिसके कारण यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बाबूगढ़ और कुचेसर चौपला के बीच सब वे मरम्मत कार्य के चलते सुबह आठ से साढ़े तीन बजे तक दिल्ली मुरादाबाद ट्रैक पर मेगा ब्लाक की घोषणा थी। हालांकि अधिकतर यात्रियों को मेगा ब्लाक के बारे में पहले ही जानकारी हो गयी थी, इसके बावजूद कुछ यात्री स्टेशन पर ट्रेनों की जानकारी करते नजर आए।
इसके अलावा सबसे अधिक परेशानी शुक्रवार को दिल्ली गाजियाबाद की ओर जाने वाले नौकरी पेशा लोगों को हुई। मेगा ब्लाक के कारण दिल्ली काठगोदाम संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, दिल्ली मुरादाबाद पैसेंजर रद्द रही। गरीब रथ एक्सप्रेस व आला हजरत एक्सप्रेस को मुरादाबाद से होकर लक्सर टपरी से होते हुए गाजियाबाद की ओर निकाला गया। वहीं अवध आसाम एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को रोककर रखा गया।