दो माह पहले लापता हुई युवती का सुराग
हापुड़-देहात थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला से दो माह पहले लापता हुई युवती का पुलिस सुराग नहीं लगा सकी है। युवती की बरामदगी को लेकर परिजन मोहल्ले के लोगों के साथ पुलिस कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एएसपी को शिकायती पत्र देकर एक भाजपा नेता के रिश्तेदार पर गंभीर आरोप लगाए। वही भाजपा नेता ने आरोपों को निराधार बताया है। एएसपी ने पीड़ित पक्ष को युवती को जल्द बरामद कराने का आश्वासन दिया है।
बृहस्पतिवार को पुलिस कार्यालय पहुंचे युवती के परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। युवती की मां फूट फूटकर रोने लगी। हंगामे की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक राम मोहन सिंह आ गये। पीड़ित ने पक्ष ने एएसपी को बताया कि दो माह से उनकी बेटी लापता है। देहात थाने में एक युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन पुलिस अभी उस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर पाई। पीड़ित पक्ष ने एक भाजपा नेता के रिश्तेदार पर युवती को गायब करने का आरोप लगाया है। एएसपी ने पीड़ित पक्ष को जल्द युवती बरामद कराने का आश्वासन दिया। वहीं भाजपा नेता ने युवती के परिजन के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग लापता युवती को बरामद करने के नाम पर रंगदारी मांग रहे हैं। जिनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।