भाकियू लोकशक्ति ने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपा
गढ़मुक्तेश्वर। भाकियू लोकशक्ति ने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंप कर कृषि पट्टे भूमिधर करने और कोरी जाति के प्रमाण पत्र बनवाने की मांग की है।
भाकियू लोकशक्ति के कार्याकर्ताओं ने मंडलायुक्त अनीता मेश्राम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपते हुए मंडल सचिव जयवीर सिंह गुर्जर और जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि वर्ष 1995 से लेकर 1999 में शासन स्तर गरीब किसानों को कृषि पट्टे आवंटित किए गए थे। जो आज तक भी भूमिधर घोषित नहीं हुए हैं। इस संबंध में कई बार एसडीएम समेत डीएम स्तरीय अधिकारियों को ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। लोकशक्ति के कार्यकर्ताओं का कहना है कि 24 वर्ष बाद भी पट्टे भूमिधर न होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं हापुड़ में डीएम के आदेश पर कोरी जाति के प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं, लेकिन गढ़ तहसील में प्रमाण पत्र नहीं बनाए जा रहे। किसानों ने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए दोनों समस्याओं के समाधान की मांग की है। उन्होंने समाधान न होने पर अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन करने की भी चेतावनी दी है।
ज्ञापन देने वालों में युवा जिलाध्यक्ष सचिन हूण, तहसील अध्यक्ष मूलचंद कोरी, अनुज कुमार शर्मा, अरूण त्यागी, सुरेंद्र शर्मा, अमित तोमर समेत दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।