छापेमारी से परेशान व्यापारियों ने तहसीलदार को ज्ञापन दिया
गढ़मुक्तेश्वर। उप्र उद्योग व्यापार मंडल ने छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न करने की बजाय पॉलिथीन बनाने वाली फैक्ट्रियां बंद कराने की मांग की। व्यापारियों ने तहसीलदार को ज्ञापन देकर उत्पीड़न न रुकने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
उप्र उद्योग व्यापार मंडल की गढ़ शाखा अध्यक्ष मूलचंद सिंघल के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को व्यापारियों ने तहसीलदार सुरेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों का कहना है कि शासन स्तर से देश और प्रदेश में पॉलिथीन के प्रयोग पर रोक लगी हुई है। जिसे लेकर स्थानीय प्रशासन लगातार छोटे दुकानदारों और ठेली-पटरी पर सामान बेचने वालों पर छापमारी करता है। मूलचंद सिंघल का कहना है कि पॉलिथीन बनाने वाली फैक्ट्रियां बंद न होने के चलते बाजार में आपूर्ति लगातार जारी है। छोटे दुकानदार चंद पैसे बचाने के चक्कर में पॉलिथीन का उपयोग करते हैं। व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन छोटे व्यापारियों और दुकानदारों पर जुर्माना लगाकर उनका उत्पीड़न कर रहा है, जबकि फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। फैक्ट्रियों का संचालन बंद होने से पॉलीथीन का इस्तेमाल खुद ही रुक जाएगा।
व्यापारियों ने छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न बंद न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है। ज्ञापन देने वालों में दिनेश गर्ग, अंकुर त्यागी, मोहित गर्ग, सेतू गर्ग, इकबाल चौधरी समेत दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।
तहसीलदार सुरेंद्र सिंह का कहना है कि व्यापारियों की मांग से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है।