जर्जर पुलों की मरम्मत को सौंपा ज्ञापन
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में माइनरों के जर्जर पुलों की मरम्मत कराने की मांग को लेकर भाकियू लोकशक्ति के कार्यकर्ताओं ने मध्य गंग नहर अनूपशहर शाखा के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा।
भाकियू लोकशक्ति के कार्यकर्ता मंगलवार को मंडल सचिव जयवीर सिंह गुर्जर और जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी के नेतृत्व में मध्य गंग नहर अनूपशहर शाखा, मेरठ के कार्यालय पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं ने विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं का कहना है कि गांव दत्तियाना-बिरसंगपुर मार्ग पर माइनर पर लोगों के आवागमन के लिए पुल बना हुआ है। जिसके दोनों तरफ पुलिया नहीं हैं, इससे लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ ही दुर्घटना होने का खतरा भी बना रहता है। इसके अलावा तिगरी माइनर टोल से आधा किलोमीटर पर भी एक पुल है, जो पूरी तरह जर्जर हालत में है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से किसानों को बुग्गी और ट्रेक्टर-ट्राली निकालने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने चार दिन में पुलों की मरम्मत न होने पर अधिशासी अभियंता के कार्यालय का घेराव कर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। इस मौके पर युवा जिलाध्यक्ष सचिन हूण, तहसील अध्यक्ष मूलचंद कोरी, ब्लॉक अध्यक्ष अनुज कुमार शर्मा, इंद्राज, अमित रावत, सुरेंद्र शर्मा, अरुण कुमार, पप्पू कश्यप समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।