एसआईटी की जांच में दो शिक्षिकाओं पर गिरी गाज
हापुड़। एसआईटी की जांच में जिले की दो शिक्षिकाओं पर गाज गिर गई है। दोनों ने डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा से वर्ष 2005 में बीएड की फर्जी डिग्री हासिल की थी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा से वर्ष 2005 में बीएड की डिग्री हासिल करने के संबंध में एसआईटी के द्वारा जांच कर की जा रही है। जांच कर सूची सचिव परिषद उत्तर प्रदेश इलाहाबाद के माध्यम से उपलब्ध कराई गई थी। प्राथमिक विद्यालय अचपलगढ़ी विकास क्षेत्र धौलाना में तैनात सहायक अध्यापिका नीलम व प्राथमिक विद्यालय लाखन धौलाना में तैनात सहायक अध्यापक बबीता का नाम सूची में शामिल है। संबंधित अध्यापकों को कार्यालय द्वारा नोटिस जारी की गई, लेकिन इनके द्वारा कोई ऐसा प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया, जिससे स्पष्ट हो कि बीएड डिग्री इनके द्वारा परीक्षा देकर प्राप्त की गई हो। ऐसे में नौकरी फर्जी बीएड डिग्री के माध्यम से हासिल की गयी है। इस आधार पर स्पष्टीकरण के बाद पुलिस दल विशेष अनुसंधान दल उत्तर प्रदेश लखनऊ के द्वारा प्राप्त कराई गई सीडी के आधार पर इनको सहायक अध्यापक के पद से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।