नशीली कोल्डड्रिंक पीने से नौ लोगों की तबीयत बिगड़ी
हापुड़। मोहल्ला मजीदपुरा में नशीली कोल्डड्रिंक पीने से एक ही परिवार व आसपास के रहने वाले करीब नौ लोगों की तबीयत बिगड़ गई। चार लोगों को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है, जबकि बाकी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। परिवार के लोगों ने एक रिश्तेदार पर कोल्डड्रिंक में नशीली दवाई मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है। उधर, पुलिस फूड प्वाइजनिंग का मामला बता रही है।
मजीदपुरा में ईदगाह के पीछे वाली गली में नजरू का परिवार किराये के मकान में रहता है। इसी मकान में दो परिवार और किराये पर रहते हैं। बृहस्पतिवार को नजरू का बुलंदशहर निवासी एक रिश्तेदार अपने कुछ दोस्तों के साथ आया था। रात में सोने से पहले रिश्तेदार कोल्डड्रिंक लाया था। उसने कोल्डड्रिंग नजरू (25), शौकीन (25) पुत्र नजरू, मोहरीन (28) पुत्र नजरू, नाजिम (18) पुत्र अनीस, इमराना (45) पत्नी अनीस, शहदू(46), इनाम(42) को पिला दी। इसी दौरान पड़ोस में दुकान करने वाला अफसार (50) और उसके यहां काम करने वाले शानू और कानू भी आ गए। परिजनों ने इन लोगों को भी कोल्डड्रिंक पिला दी। कोल्डड्रिंक पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ गयी। सभी को उल्टियां होने लगीं। सूचना मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। आननफानन में सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से अधिकतर को छुट्टी दे दी गयी, जबकि चार लोगों को मेरठ रेफर किया गया है। परिजनों का कहना है कि रिश्तेदार ने ही किसी कारण से कोल्डड्रिंक में नशीली दवाई मिला कर पिला दी।
चौकी चौकी इंचार्ज सरवन कुमार का कहना है कि मामला फूड प्वाइजनिंग का है। परिजनों द्वारा किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं की गयी है। तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी।