अस्पताल संचालक से मांगी दस लाख की रंगदारी
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ रोड स्थित एक अस्पताल संचालक ने दो लोगों पर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। संचालक ने मामले की शिकायत एसपी से की थी। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
गढ़ रोड स्थित देव नंदनी अस्पताल के संचालक डा. श्याम कुमार ने एसपी से शिकायत करते हुए बताया कि गाजियाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र के फरीदनगर निवासी महेंद्र और डालचंद ने कुछ दिन पहले उनसे दस लाख की रंगदारी की मांगी। साथ ही धमकी दी कि यदि रुपये नहीं दिए तो हत्या कर देंगे। आरोपियों ने यह रकम हर महीने की एक लाख रुपये की किस्त के रूप में देने को कहा। इसके बाद डा. श्याम कुमार ने एसपी को मामले से अवगत कराया। एसपी डा. यशवीर सिंह के आदेश पर थाना देहात पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना देहात प्रभारी राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।