शीतल पेय कंपनी पर खाद्य सुरक्षा व प्रदूषण विभाग का छापा
हापुड़। मसूरी क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी स्थित एक शीतलपेय कंपनी के प्लांट पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम द्वारा छापा मारा गया। इस दौरान दोनों विभागों की टीमों द्वारा जांच करने के बाद कोल्ड ड्रिंक के पांच, ईटीपी प्लांट से एक नमूना लिया गया। कार्रवाई के दौरान प्लांट में हड़कंप की स्थिति रही।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों पर यह कार्रवाई की गयी है। टीम द्वारा एक नामी शीतल पेय कंपनी के प्लांट पर दोपहर के समय कार्रवाई की गई। टीम द्वारा कोल्डड्रिंक के पांच नमूने भरे गए और यहां साफ सफाई आदि की जांच की। मानकों को लेकर भी जांच की गयी। इसके अलावा प्रदूषण नियंत्रण विभाग द्वारा ईटीपी प्लांट से पानी का नमूना लिया गया। टीम में खाद्य निरीक्षक शिवदास, सौरभ सौनी, संदीप कुमार, धर्मपाल सिंह, जबकि प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम में वैज्ञानिक सहायक सुभाष चंद मौजूद रहे।