सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप
गढ़मुक्तेश्वर। गांव भोवापुर में चल रहे सड़क निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगा ग्रामीणों ने हंगामा किया। ग्रामीणों ने जेई का घेराव कर काम भी बंद करा दिया।
सिंभावली क्षेत्र के गांव भोवापुर के ग्रामीणों ने सोमवार को पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई का घेराव कर हंगामा किया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के मुख्य रास्ते पर पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। सड़क बनाने में तारकोल का कम प्रयोग होने के चलते जल्द ही सड़क उखड़ने लगेगी। गुस्साए ग्रामीणों ने काम बंद कराते हुए हंगामा शुरू कर दिया। जिसकी सूचना के बाद मौके पर पहुंचे विभाग के जेई का घेराव कर ग्रामीणों ने मानक के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल न होने तक सड़क निर्माण कार्य शुरू न करने की चेतावनी दी है। हंगामा करने वालों में कलवा, अनिल पाल, देवेंद्र, अभिषेक, रामेंद्री देवी, ओमबीर, रामबीर यादव समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे। पीडब्ल्यूडी के एई महेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर जांच कराकर सड़क निर्माण मानक अनुरूप कराया जाएगा।