प्रमुख सचिव ने सिखैड़ा में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा में शनिवार की देर शाम को प्रदेश के प्रमुख सचिव ग्रामीण विकास अनुराग श्रीवास्तव ने विकास कार्यों समेत जनहित से जुड़ीं समस्याओं के निराकरण के संबंध में समीक्षा बैठक की। इस दौरान भाकियू भानु के जिलाध्यक्ष पवन हूण ने गन्ना मूल्य का ब्याज समेत भुगतान कराने, बकाया वसूली अभियान से किसानों को मुक्त रखने और फसलों की सिंचाई को रजवाहे और माइनरों की अंतिम छोर तक पानी की सप्लाई दिलाने की मांग की। इसके अलावा ग्रामीणों ने बिजली कटौती से निजात दिलाने के साथ ही सिंभावली पीएचसी में महिला चिकित्सक की तैनाती, गांव बक्सर की नई आबादी में पेजल सप्लाई पहुंचाने, पात्रों को पेंशन दिलाने और गांवों की आबादी और क्षेत्रफल के हिसाब से सफाई कर्मियों की तादाद बढ़वाने की मांग की। इस दौरान डीएम अदिति सिंह, सीडीओ दीपा रंजन, डीपीआरओ लालचंद गुप्ता, सीएमओ डॉ.राजबीर सिंह, एसडीएम राममूर्ति त्रिपाठी, तहसीलदार सुरेंद्र यादव, बीडीओ प्रेमचंद समेत अधिकांश विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।