शिक्षकों को दो माह के वेतन का करना होगा इंतजार
हापुड़। दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारियों को अप्रैल और मई महीने के वेतन के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। क्योंकि ग्रांट न मिलने के कारण क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी के कार्यालय से पे बिल पास नहीं हो पा रहे हैं।
एसएसवी पीजी कॉलेज में नई प्रबंध समिति को अनुमोदन न मिलने के कारण शिक्षक, कर्मचारियों को बीते तीन महीने से वेतन नहीं मिल सका था। प्रबंध समिति को अनुमोदन मिलते ही समिति सचिव ने वेतन संबंधी पे बिल क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी कार्यालय भेज दिए।
मार्च महीने के वेतन के बिल तो पास कर दिए गए हैं। लेकिन अप्रैल और मई महीने का वेतन इसलिए पास नहीं हो सका है, क्योंकि ग्रांट नहीं मिल सकी है।
कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव सुरेश चंद संपादक ने बताया कि वेतन संबंधी पे बिल भेजा जा चुका है। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी से वार्ता भी की गई है तथा इस संबंध में पत्र भी भेजा गया है। ग्रांट मिलते ही दो महीने का वेतन भी जारी करा दिया जाएगा।