पीएमओ कार्यालय में होगी चंडी मंदिर कमेटी के सदस्य बनाने की शिकायत
हापुड़। श्री चंडी मंदिर कमेटी में नए आजीवन सदस्यों को लेकर चल रहे विवाद में अब फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल ने इस मामले को प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाने का निर्णय लिया है, साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा रिसीवर की तैनाती की भी मांग उठाई है।
जानकारी देते हुए फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के राष्ट्रीय सचिव संजय अग्रवाल ने बताया कि विगत दिनों दिल्ली में आयोजित व्यापारियों की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उनके द्वारा यह मुद्दा उठाया गया था। उन्होंने कहा था कि श्री चंडी मंदिर कमेटी में कुछ लोगों द्वारा गलत तरीके से 93 नए आजीवन सदस्य बनाकर मंदिर ट्रस्ट पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। मंदिर ट्रस्ट के धन और जमीनों पर भी कुछ लोगों की बुरी नजर है।
इसके लिए उन्होंने मंदिर ट्रस्ट पर रिसीवर तैनात किए जाने की मांग की है। फेडरेशन द्वारा आगामी 27 जून को प्रधानमंत्री कार्यालय में जाकर इस संदर्भ में ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई के लिए मांग की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सांसद विवेक गुप्ता, महामंत्री वीके बंसल, सीएच कृष्णा, राष्ट्रीय सचिव संजय अग्रवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ताराचंद कासट और हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी शामिल होंगे।