कचौरी खाने तक सीमित रहे जिम्मेदार पदाधिकारी
हापुड़। मेरठ हापुड़ लोकसभा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी राजेंद्र अग्रवाल ने भले ही जीत हासिल कर ली हो लेकिन इस क्षेत्र में विधायक और चेयरमैन सीट पर भाजपा का कब्जा होने और जिलाध्यक्ष भी इसी क्षेत्र के होने के बावजूद कम वोट मिलने से कार्यकर्ता आहत हैं। अब यह भड़ास कार्यकर्ता और भाजपा प्रेमियों की सोशल मीडिया पर डाली जा रही पोस्ट के माध्यम से बाहर आने लगी है।
शनिवार को भाजपा के एक स्थानीय कार्यकर्ता ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट पर टीस जाहिर करते हुए एक पदाधिकारी को आड़े हाथों लिया। पोस्ट में कहा गया है कि हापुड़ क्षेत्र में सांसद राजेंद्र अग्रवाल की चुनाव हारने की नैतिक जिम्मेदारी पार्टी के इस वरिष्ठ पदाधिकारी की है, उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। क्योंकि चुनाव में हापुड़ मंडल की कार्यकारिणी की कोई भूमिका नहीं थी। ना ही मंडल स्तर पर कोई रूप रेखा बनायी। यह पदाधिकारी केवल कचौड़ी खाने में मशगूल रहे। ना ही कोई जनसंपर्क किया गया। जहां जनसंपर्क होता, केवल फोटो खींचकर कोरम पूरा किया गया। रेलवे रोड के आधा से अधिक मोहल्लों में वोट भी नहीं मांगी गई। जिन जगह ये पदाधिकारी वोट मांगने जाते, वह घर पहले से ही तय होता। चुनाव के नाम पर केवल खानापूर्ति ही हुई है।
कार्यकर्ता की इस पोस्ट पर खूब कमेंट्स और लाइक आ रहे हैं। कुछ कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस प्रकार की पोस्ट का सिलसिला शुरू हो चुका है। यह कार्यकर्ताओं का दुख है जो किसी न किसी रूप में बाहर आ रहा है। भाजपा प्रत्याशी की जीत होने के बाद भले ही वरिष्ठ पदाधिकारी खुश हैं, लेकिन आने वाले दिनों संगठन की बैठक में यह मुद्दा जरूर उठेगा। इसमें किसी पदाधिकारी पर गाज गिरी तो हैरानी नहीं होगी।