राजकीय बीज भंडारों पर धान की 1509 प्रजाति के बीज की किल्लत
हापुड़। कृषि विभाग के राजकीय बीज भंडारों पर धान के 1509 प्रजाति के बीज का स्टॉक खत्म हो गया है। दस दिन में 135 क्विंटल बीज का उठान होने के बाद अब किसान बाजार का रुख कर रहे हैं। सुगंध-5 प्रजाति का बीज भी केंद्रों पर नहीं आ सका है। सिर्फ सुगंध-4 प्रजाति का ही कुछ बीज बचा है।
जिले में धान के 1509 प्रजाति के बीज की जबरदस्त डिमांड हैं। कृषि विभाग के राजकीय बीज भंडारों पर इस प्रजाति का 135 क्विंटल बीज आया था। जिसका दाम 56.56 रुपये/किलोग्राम था। दस दिन के अंदर जिले को इस प्रजाति के आवंटित तमाम बीज की बिक्री हो चुकी है।
अब किसान रोजाना बीज भंडारों पर पहुंचकर बीज के आने की जानकारी कर रहे हैं। इस प्रजाति के अलग केंद्रों पर सुगंध-4 का भी 40 क्विंटल बीज आया था, जिसकी अभी पूरी बिक्री नहीं हो सकी है। सुगंध-5 प्रजाति का बीज इस बार जिले को आवंटित ही नहीं किया जा सका। सूत्रों की मानें तो बीज अनुसंधान केंद्रों में 1509 प्रजाति के बीज की कमी है। जिसके चलते राजकीय बीज भंडारों को पुन: इस प्रजाति के बीज का मिलना मुश्किल है। बहरहाल, किसान मजबूरी में बाजार का रुख कर रहे हैं, जहां उन्हें उच्च दामों पर बीज दिया जा रहा है।
जिला कृषि अधिकारी शिवकुमार सिंह का कहना है कि किसानों की मांग पर बीज की डिमांड भेजी जा रही है। किसानों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।