गांव राजपुर में दूषित पनीर को नष्ट करते कर्मी। स्रोत खाद्य विभाग
गढ़मुक्तेश्वर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापा मारा। इस दौरान 153 किलो दूषित पनीर नष्ट कराया गया। वहीं, ढाबों, दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए।
सहायक खाद्य आयुक्त चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि क्षेत्र के गांव राजपुर में स्थित शकील दुग्ध, पनीर भंडार पर औचक कार्रवाई की गई। इस दौरान वहां से पनीर के दो और रिफाइंड तेल का एक नमूना संग्रहित किया गया। उन्होंने बताया कि दुकान पर अस्वास्थ्यकर परिस्थिति में रखा गया करीब 153 किलोग्राम पनीर गड्ढा खोदवाकर दबवा दिया गया। इसकी कीमत 38 हजार 250 रुपये है। इसके अलावा दुकान संचालक को नोटिस भी जारी किया गया है।
वहीं, गांव अठसैनी में हाईवे किनारे स्थित चुन्नु बिरयानी पर भी कार्रवाई की गई। यहां से टीम ने बिरयानी के दो नमूने संग्रहित किए। ढाबे पर पाई गई कमियों के सुधार के लिए संचालक को नोटिस दिया गया है। उन्होंने बताया कि नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पंकज कुमार, सोवेंद्र सिंह पंघाल, विपिन कुमार सिंह, आरपी गुप्ता, सहरिश सादात, मोहित कुमार आदि मौजूद रहे।