पोलियो अभियान की सफलता के लिए निकाली जागरूकता रैली
गढ़मुक्तेश्वर। पोलियो अभियान की सफलता को लेकर स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गढ़ और सिंभावली में जन जागरूकता रैली निकाली गईं। इनमें स्कूल और मदरसे के छात्रों ने लोगों से अपने पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का आह्वान किया।
गढ़ और सिंभावली क्षेत्र में शनिवार को पल्स पोलियो अभियान के तहत जन जागरूकता रैली निकाली गईं। गढ़ के मोहल्ला आदर्श नगर में स्थित लोटस पब्लिक स्कूल के छात्रों ने नगर के मुख्य मार्गों पर रैली निकाली। इसका शुभारंभ सीएचसी अधीक्षक डॉ. एसके तेवतिया और एचईओ शैलेंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली तहसील रोड, मीरा रेती, बड़ा बाजार, नक्का कुआं रोड, मेरठ रोड, हापुड़ रोड होते हुए स्कूल पहुंचकर संपन्न हुई। ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी अफजाल अहमद ने बताया कि जन्म से लेकर पांच साल तक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 118 बूथ बनाए गए हैं। इसके बाद ब्लॉक क्षेत्र में 96 टीमें घर-घर जाकर छूटे बच्चों को खुराक पिलाएंगी। वहीं रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड समेत भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर नौ मोबाइल टीम लगाई गई हैं। सिंभावली के गांव सैना के मदरसे में पोलियो जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। सिंभावली पीएचसी अधीक्षक डॉ. शशि भूषण, ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी अंसार अहमद, कारी आलमगीर ने रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया।