गंदा और कीड़े युक्त पानी आने से पेयजल संकट गहराया
गढ़मुक्तेश्वर। पालिका की पेयजल सप्लाई में गंदगी और कीड़े आने से सैकड़ों परिवारों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। नवरात्र में भी दूषित पानी से निजात न मिलने से गुस्साए मोहल्ले वालों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।
गढ़-चौपला पर रोडवेज डिपो के सामने वाले मोहल्ले में पिछले कई दिनों से पालिका की पेयजल सप्लाई में गंदगी के साथ ही कीड़े भी आ रहे हैं। इससे सैकड़ों परिवारों को पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। इस समस्या से पीड़ित मोहल्ले वालों ने तहसील दिवस में भी अपना दुखड़ा सुनाया था। इसके बावजूद उन्हें गंदे और कीड़ा युक्त पानी से अभी तक निजात नहीं मिल पाई है। इससे गुस्साए मोहल्ले वाले रविवार को सड़क पर उतर आए, जिन्होंने जनहित की अनदेखी के विरोध में प्रदर्शन और जमकर नारेबाजी भी की। केशव, मेघा तोमर, मानसी, अंतिमा, फुरकान, इरफान, नासिर, खुरशैद, मंजू शर्मा, इंद्र शर्मा, सत्यम, शिवम, नीरज, ऊषा, शहजाद, संगीत का कहना है कि पेयजल सप्लाई में गंदगी और कीड़े आने से पेयजल संकट झेलना पड़ रहा है, लेकिन तहसील दिवस में शिकायत करने के बाद भी समस्या दूर नहीं हो पाई है। इससे चैत्र नवरात्र में भी हैंडपंपों का पानी इस्तेमाल करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
पालिका ईओ अमिता वरुण का कहना है कि उन्हें इस विषय में कोई शिकायत नहीं मिल पाई है, लेकिन जल निगम की सीवर लाइन की खुदाई के दौरान भूमिगत पाइप लाइन लीक होने से ऐसा होना मुमकिन है। ईओ का कहना है कि इस समस्या का अविलंब निपटारा कराने के लिए पालिका टीम को मौके पर भेज दिया गया है।