परीक्षा कक्ष में संबंधित विषय का शिक्षक मिला ड्यूटी पर
यूपी बोर्ड परीक्षा
- मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, डीडीआर ने किया केंद्र का संयुक्त निरीक्षण
- सीसीटीवी की फुटेज, छात्रों की कॉपियों का किया मिलान
- नकल की पुष्टि न होने पर अफसरों ने ली राहत की सांस
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़।
यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा के दौरान बाबूगढ़ के नेहरू भारती इंटर कालेज में संबंधित विषय के कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी लगी होने से हड़कंप मच गया। मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, डीडीआर के संयुक्त निरीक्षण में डीआईओएस ने इस मामले को पकड़ा। आनन फानन में सीसीटीवी की फुटेज और छात्रों की कॉपियों का मिलान किया गया। नकल का मामला नहीं मिला। इसके बाद कक्ष निरीक्षक को केंद्र से हटा दिया गया।
सोमवार को दूसरी पाली में जिले के 26 परीक्षा केंद्रों पर इंटरमीडिएट के अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा चल रही थी। इस दौरान मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक दिव्यकांत शुक्ल, डीडीआर आशुतोष भारद्वाज ने संयुक्त रूप से जिले के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उनके साथ स्थानीय डीआईओएस भी मौजूद रहे। बाबूगढ़ के नेहरू भारती इंटर कालेज में एक कक्ष निरीक्षक संबंधित पेपर का था, जिसकी परीक्षा में ड्यूटी लगी थी। यह पता चलने पर निरीक्षण करने आए अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में डीआईओएस ने कक्ष में बैठे छात्रों की कॉपियों का मिलान किया, लेकिन नकल जैसा मामला नहीं मिला। इसके बाद कक्ष की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, इसमें भी नकल आदि की पुष्टि नहीं हुई। बाद में कक्ष निरीक्षक को उक्त कक्ष से हटा दिया गया।
इसके अलावा तीन अन्य परीक्षा केंद्र दीवान इंटर कालेज हापुड़, बाबा रामदास उदासीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बक्सर, तालीम ओ तरक्की इंटर कालेज अठसेनी का भी निरीक्षण किया गया। बक्सर के विद्यालय के एक परीक्षा कक्षा में कैमरा काम नहीं कर रहा था, जिसे दुरुस्त कराने के निर्देश प्रधानाचार्य को दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान बाबूगढ़ स्थित विद्यालय के परीक्षा केंद्र पर संबंधित विषय का शिक्षक बतौर कक्ष निरीक्षक ड्यूटी दे रहा था। जांच पड़ताल में नकल जैसा कोई मामला नहीं मिला। व्यवस्थापक को इस संबंध में गंभीर रहने के निर्देश दिए गए हैं।