अभिनय पर हावी हो रही है राजनीति - गुलशन ग्रोवर
हापुड़। बेड मैन के नाम से जाना जाने वाले बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गुलशन ग्रोवर ने कहा कि अभिनय एक अद्भुत कला है। मगर, इन दिनों अभिनय पर राजनीति हावी हो रही है। इससे अभिनय की स्वतंत्रता पर प्रभाव पड़ रहा है। लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखकर ही फिल्म, सीरियल को तैयार किया जाता है।
अभिनेता गुलशन ग्रोवर शनिवार रात्रि करीब दस बजे उपैड़ा स्थित चावला रेस्टोरेंट पर कुछ समय के लिए रुके थे। अमर उजाला से खास बातचीत में उन्होंने बताया कि आज फिल्मों को लेकर बिन वजह बखेड़ा खड़ा किया जा रहा है। फिल्में हमेशा लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखकर ही बनाया जाता है। किसी भी फिल्मकार का उद्येश्य धर्म, समुदाय को ठेस पहुंचाना नहीं होता है।
उन्होंने कहा कि इन दिनों अभिनय में काफी परिवर्तन आ गया है। बहुत से नए चेहरे बॉलीवुड और हॉलीवुड में अपनी छाप छोड़ रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वह अपनी प्रतिभा को छिपाएं नहीं। बल्कि बेझिझक होकर अभिनय करें। इस दौरान अभिनेता गुलशन ग्रोवर की एक झलक पाने को लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। अभिनेता ने बताया कि वह रामपुर में आयोजित एक प्रोग्राम में शामिल होने रहे थे। ऐसे ही होटल पर रुक गए थे। इस दौरान विशाल चौधरी, हरेंद्र सिंह, वेद चौधरी आदि मौजूद रहे।