शुगर मिल अधिकारियों को बनाया बंधक
- समय से भुगतान न होने से भड़के किसान
-भाकियू भानु के नेतृत्व में गांव गोहरा में हुई किसानों की पंचायत
फोटो फाइल संख्या 24एचपीआर पीएच-21
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। समय से गन्ने का भुगतान न होने से भड़के किसानों ने रविवार को शुगर मिल के सुपर वाइजर और केन मैनेजर को बंधक बना लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने भाकियू भानु के नेतृत्व में पंचायत भी की। घंटों चली गहमा गहमी के बाद राहत के आश्वासन पर किसान शांत हुए।
मेरठ गन्ना सोसाइटी से जुड़े गांव गोहरा के किसान गन्ने का भुगतान समय से नहीं मिलने के चलते परेशान हैं। भाकियू भानु के जिलाध्यक्ष पवन हूण ने बताया कि गोहरा के किसानों का गन्ना सिंभावली शुगर मिल पर जाता है, लेकिन यहां सोसाइटी मेरठ की लगती है। हापुड़ समेत अन्य गन्ना समितियां तो समय से गन्ना भुगतान कर देती हैं, लेकिन मेरठ गन्ना समिति से किसानों को समय से भुगतान नहीं मिल रहा है। कई बार संबंधित अफसरों से शिकायत के बाद भी राहत नहीं मिली है। आक्रोशित किसानों में घनश्याम शर्मा, प्रताप सिंह, कैलाश प्रधान, जिम्मी त्यागी, टेकचंद, महावीर, योगेश त्यागी, रामकुमार आर्य, अजय त्यागी, जितेंद्र प्रधान, लीले सिंह आदि मौजूद रहे।