बेल्ट का फंदा लगा किशोर ने की आत्महत्या
बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव में परिजनों की डांट फटकार से गुस्साए 14 वर्षीय किशोर ने सोमवार को बेल्ट के फंदे पर लटकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के बिना कोई कार्रवाई किए मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले 14 वर्षीय किशोर को सोमवार की सुबह परिजनों ने किसी बात पर डांट दिया। इसके बाद किशोर का पिता खेतों पर चला गया और अन्य परिजन घरेलू कामों में लग गए।
डांट से गुस्साए किशोर ने अपने आप को एक कमरे में बंद कर लिया और छत के कुंदे में बेल्ट का फंदा लगाकर झूल गया। काफी देर तक भी जब किशोर दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर परिजनों को संदेह हुआ। जो दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। यहां किशोर को फंदे पर लटका देखकर उनके होश उड़ गए।
परिजन उसे फंदे से उतार कर आनन-फानन में स्थानीय चिकित्सक के यहां ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।
एसओ महावीर सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की कोई जानकारी नहंीं है। ब्यूरो