संवाद न्यूज़ एजेंसी
पिलखुवा। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित जिंदल नगर के गांव पारसन की एक फैक्टरी से सात अप्रैल की रात चोरों ने चार लाख 10 हजार रुपये का 150 मीटर तांबे का तार चोरी कर लिया। घटना के दौरान फैक्टरी में एक गार्ड तैनात था। फैक्टरी के कर्मचारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस गार्ड से भी पूछताछ कर रही है।
कंपनी में कार्यरत कर्मचारी गंभीर कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि घटना सात अप्रैल की रात लगभग 9:30 बजे के आसपास हुई, जिसकी जानकारी उन्हें 8 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे कार्यालय पहुंचने पर मिली। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में अज्ञात लोगों की गतिविधियां कैद मिली। जिससे चोरी की पुष्टि हुई है।
फैक्टरी परिसर में उस वक्त तैनात सुरक्षा गार्ड मूलचंद ड्यूटी पर मौजूद था, फिर भी यह चोरी की घटना घटित हुई। जिससे सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। कर्मचारी ने थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई की मांग की है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।