बीआरसी पर प्रबंध समिति की कार्यशाला हुई
गढ़मुक्तेश्वर। बीआरसी कार्यालय पर आयोजित कार्यशाला में परिषदीय स्कूलों के प्रधानाध्यापकों और एसएमसी को कार्य निर्वहन के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।
ब्रजघाट में पलवाड़ा रोड पर स्थित बीआरसी कार्यालय पर शनिवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ बीईओ पंकज अग्रवाल ने किया। कार्यशाला में सुनील कुमार और सोनवीर द्वारा परिषदीय स्कूलों के प्रधानाध्यापकों, एसएमसी सदस्यों को विद्यालय प्रबंधन समिति गठन, दायित्व और कार्यों के बारे में प्रशिक्षण दिया। पंकज अग्रवाल ने बताया कि प्रथम बैच में ब्लॉक क्षेत्र के 60 प्रधानाध्यापकों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा स्कूल न जाने वाले बच्चों को चिन्हित कर उनके सरकारी स्कूलों में पंजीकरण कराने के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि 30 मार्च तक आउट ऑफ स्कूल बच्चों का चिन्हिकरण किया जाना है, जिनका एक अप्रैल 2019 से स्कूलों में एडमीशन किया जाएगा। इस साल बच्चों के नामांकन में 15 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य शासन द्वारा निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान 25 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाए जाने के बारे में भी जानकारी दी गई। मौके पर मोइन आलम, शैलेंद्र चौधरी, अनिल कुमार, हितेश कुमार, बीना, संगीता जायसवाल, लताफत अली, प्रेम सिंह आदि मौजूद रहे।