गन्ना क्रय केंद्र चालू नहीं होने पर गुस्से मेें ग्रामीण
हापुड़। गांव काठीखेड़ा स्थित ब्रजनाथपुर शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र पिछले पंद्रह दिन से अधूरे निर्माण के साथ पड़ा है। जबकि किसानों की पर्चियां लगातार आ रही हैं। इससे गुस्साए किसानों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में ब्रजनाथपुर शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र करीब पंद्रह दिन पहले स्थापित किया गया था। इसका निर्माण कार्य शुरू होते ही ग्रामीणों की पर्चियां आनी शुरू हो गयीं, लेकिन मिल ने इसका निर्माण अधूरा छोड़ दिया। पिछले कई दिनों से क्रय केंद्र अधूरा पड़ा हुआ है। इसके कारण किसानों का गन्ना नहीं डाला जा रहा है। इस स्थिति से किसानों की गेहूं की बुआई समय पर नहीं हो पाएगी। गुस्साए किसानों ने शुक्रवार को क्रय केंद्र पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में राहुल, राजपाल, मांगेराम, लक्ष्मण, राजकुमार, भूप सिंह, प्रेमचंद, गोपाल, अजब सिंह, नरेंद्र, मदन, अमनपाल आदि शामिल थे।
ब्रजनाथपुर चीनी मिल के गन्ना प्रबंधक सुनील ढींगरा का कहना है कि काठीखेड़ा गांव के किसानों का गन्ना ट्रैक्टर से मिल गेट पर जाता था जबकि बोगियों से पास के एक अन्य गांव के क्रय केन्द्र पर पड़ता था। इस बार काठी खेड़ा में भी नया गन्ना क्रय केन्द्र आवंटित हुआ है। मिल में पेराई चालू होने में विलंब के कारण क्रय केन्द्र चालू नहीं हो सका था। शुक्रवार की शाम से मिल में गन्ने की पेराई चालू की गई है। अब जल्द क्रय केन्द्र स्थापित कर गन्ने की खरीद शुरू की जाएगी। अब तक जितनी भी पर्ची जारी हुई हैं, उन सभी पर गन्ना खरीदा जाएगा।