शहर में ई-रिक्शा संचालन बंद होने पर प्रदर्शन
- ई-रिक्शा चालकों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए एडीएम को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। पुलिस पर शहर के मुख्य चौराहों से न गुजरने देने का आरोप लगाते हुए पंजीकृत ई-रिक्शा चालकों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। चालकों ने एडीएम को ज्ञापन देते हुए समस्या के समाधान की मांग कही।
शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस ने नई योजना तैयार की है। शहर में ई-रिक्शाओं का संचालन लगभग बंद कर दिया गया है। पंजीकृत ई-रिक्शाओं के लिए रूट निर्धारित किए गए हैं। मगर, ई-रिक्शा चालकों का आरोप है कि पुलिस उनका उत्पीड़न कर रही है। शुक्रवार को ई-रिक्शा चालकों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। एडीएम रजनीश राय को ज्ञापन सौंपते हुए इन्होंने कहा कि पुलिस पंजीकृत ई-रिक्शाओं को भी मुख्य चौराहों से पहले ही रोक देती है। उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। जबकि थ्री व्हीलरों पर कोई रोक नहीं है। इसके अलावा उन्हें गलत तरीके से दबाया जा रहा है। उन्होंने मामले में हस्तक्षेप की मांग की। शिकायत करने वालों में शहीद, रामू सैनी, शाहिद, परविंदर, मोहम्मद अनीस, अनीत आदि शामिल थे।