मधुबन कालोनी की सड़क बनवाने के लिए प्रदर्शन
बाबूगढ़ छावनी के मधुबन कालोनी के लोगों ने जर्जर सड़क नहीं बनाए जाने से नाराज होकर प्रदर्शन किया। लोगों ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की।
बाबूगढ़ छावनी के मधुबन कालोनी का मुख्य मार्ग काफी समय से जर्जर है। बरसात के दिनों में यहां जलभराव से लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है।
लोगों का कहना था कि सड़क निर्माण के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। इसके लिए अधिकारियों ने 15 लाख रुपये बजट तय कर जल्द कार्य करने का आश्वासन दिया था।
लेकिन अभी तक सड़क जस की तस पड़ी हुई है। जिससे नाराज लोगों ने प्रदर्शन किया। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी ज्योति बाला का कहना है कि जल्द ही सड़क का निर्माण कराकर लोगों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में हरेंद्र चौधरी, दीपक, फैजल, मूलचंद, रामबीर, गुड्डी, सुमन, कविता, सुरेंद्र यादव, मनीषा, मधु, प्रमोद शामिल थे।
सड़क निर्माण नहीं होने पर भड़के रजनी विहार के लोग
रजनी विहार मोहल्ले की जर्जर सड़क का निर्माण न होने से परेशान लोगों ने सोमवार दोपहर नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही जल्द सड़क का निर्माण कराने की मांग भी की।
सोमवार दोपहर मोहल्ला रजनी विहार के लोग एकत्रित हुए। इस दौरान मोहल्ले के लोगों ने सड़क निर्माण नहीं होने के विरोध में नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
आक्रोशित लोगों ने बताया कि मोहल्ले की सड़क जर्जर स्थिति में पहुंच चुकी है। जगह जगह सड़क में गड्ढे हो गए हैं। पानी की निकासी नहीं होने के कारण सड़कों पर जलभराव हो जाता है।
कई बार सड़क निर्माण कराने की मांग की जा चुकी है, लेकिन पालिका इस तरफ ध्यान नहीं दे रही है। लोगों ने जल्द सड़क का निर्माण कराने की मांग की।
प्रदर्शन करने वालों में राजेंद्र, वीर सिंह, विजय, विनोद, मोहनलाल, बबली, राजकुमार, बंटी, मोनू, रोहित, बिजेंद्र आदि शामिल रहे। उधर, पालिका ईओ ने बताया कि जल्द लोगों से बातचीत कर समस्या का समाधान कराने की कोशिश की जाएगी।