बिजली कर्मियों की सजगता से ट्रांसफार्मर छोड़कर भागे चोर
धौलाना/हापुड़। धौलाना बिजलीघर पर तैनात कर्मचारियों की सजगता से गुरुवार की रात्रि चोर खंभे से नीचे गिराया ट्रांसफार्मर छोड़कर भाग गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात्रि करीब दो बजे कंदोला की ओर जाने वाली बिजली की लाइन अचानक ट्रिप हो गई। इस लाइन से कई गांवों को बिजली आपूर्ति होती है।
लाइन के ट्रिप होते ही बिजली घर पर तैनात कर्मचारियों ने अवर अभियंता हर्ष शर्मा को साथ लेकर लाइन की चेकिंग शुरू की तो रास्ते में नरेश के नलकूप से पास 25 केवी का ट्रांसफार्मर नीचे गिरा पड़ा था तथा लाइन के तार भी कटे थे। इन लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी जिस पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध सक्सेना भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश की।
थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना था कि बिजली कर्मियों की सावधानी से ट्रांसफार्मर का सामान चोरी होने से बच गया है। बदमाशों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।