कांवड़ मेले के मद्देनजर क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत की मांग
गढ़मुक्तेश्वर। गांव आलमनगर के ग्रामीणों ने कांवड़ मेले के मद्देनजर क्षतिग्रस्त लोहिया पुल की मरम्मत और कांवड़ मार्ग की सफाई की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा।
गढ़ क्षेत्र के गांव आलमनगर के पूर्व प्रधान कालीचरण चौहान के नेतृत्व में मंगलवार को ग्रामीणों ने डीएम अदिति सिंह को एक ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि पसवाड़ा-बहादुरगढ़-आलमनगर रोड से प्रति वर्ष श्रावण मास में लाखों कांवड़िए गुजरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कांवड मार्ग पर शिव मंदिर के निकट रजवाहे पर लोहे का एक पुल बना हुआ है, जो करीब दो वर्षों से क्षतिग्रस्त है। इसके चलते ग्रामीणों को तो आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ती है, वहीं कांवड़ यात्रा के दौरान पहले भी कई शिवभक्त गिरकर घायल हो चुके हैं। पहले भी कई बार सिंचाई विभाग समेत अधिकारियों से पुल की मरम्मत कराने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई है। इसके अलावा कांवड़ मार्ग पर गंदगी होने के चलते शिवभक्तों को परेशानी का सामना करना पडे़गा। ग्रामीणों ने डीएम से क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत कराने और कांवड़ मार्ग की सफाई कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में सत्यनारायण चौहान, संजय, माजिद ठाकुर, कुलदीप, चंद्रपाल, ब्रह्मपाल, देवेंद्र कुमार, राहुल समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे। डीएम अदिति सिंह ने ग्रामीणों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।