शहर में 237 शौचालय निर्माण को मिले 19 लाख
हापुड़। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर को खुले में शौच मुक्त बनाने की मुहिम जारी है। इसके तहत शासन ने करीब 19 लाख की धनराशि का आवंटन किया है। इससे शहर में 237 मकानों में शौचालय का निर्माण होगा।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत केंद्र सरकार की ओर से खुले में शौच मुक्त मुहिम छेड़ी गई है। इसके तहत प्रत्येक मकान में शौचालय के निर्माण के लिए आठ हजार रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। पहली और दूसरी किश्त के रूप में चार-चार हजार रुपये दिए जा रहे हैं। पूर्व में शौचालय के निर्माण के लिए आवेदन मांगे गए थे। कुल मिलाकर 3096 लाभार्थियों को दो करोड़ 28 लाख से अधिक का आवंटन होना है। इसमें से एक करोड़ 77 लाख से अधिक का आवंटन अब तक हो चुका है। शुरूआत में हुए आवेदन में 2859 को ही अनुदान के लिए पात्र माना गया जिन्हें चार हजार रुपये के हिसाब से पहली किश्त दे दी गई है, जबकि 1589 पात्रों को दूसरी किश्त भी मिल गई है। शेष 1300 को दूसरी किश्त मिलना बाकी है।
शासन के आदेश के बाद पालिका अधिकारियों ने दोबारा से आवेदन मांगे थे। इसमें 237 को ही पात्र माना गया जिन्हें पहली और दूसरी किश्त के हिसाब से 18 लाख 96 हजार रुपये की धनराशि का आवंटन किया गया है। ईओ जितेंद्र कुमार आनंद ने बताया कि शासन से 237 शौचालयों के निर्माण के लिए 18 लाख 96 हजार की धनराशि जारी की जा चुकी है।