आनंदा मिल्क पाउडर के सैंपल फेल
- एडीएम ने कंपनी पर लगाया एक लाख रुपये का जुर्माना
- सीजर से छेड़छाड़ और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने पर पहले ही थाना पिलखुवा में हो चुका है मुकदमा दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। पिलखुवा के गांव खैरपुर खैराबाद स्थित गोपाल जी आनंदा फूड्स प्राइवेट लिमिटेड से बीते दिनों एसडीएम व खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम की छापेमारी के दौरान भरे सैंपल जांच में फेल पाए गए हैं। इस मामले में एडीएम रजनीश राय ने कंपनी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
उल्लेखनीय है कि 29 जुलाई 2017 को तत्कालीन एसडीएम हनुमान प्रसाद व खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी पवन कुमार व उनकी टीम ने खैरपुर खैराबाद स्थित गोपाल जी आनंदा फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में छापेमार कार्रवाई की थी। पैकिंग और लेवल नियमानुसार नहीं मिलने के कारण कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये के मिल्क पाउडर को सील कर दिया गया था। साथ ही पाउडर के सैंपल जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला में भेज दिया गया था। इसी प्रकरण में टीम ने गोदाम का दोबारा निरीक्षण किया तो वहां कंपनी प्रतिनिधि द्वारा सीजर (स्कीम्ड मिल्क पाउडर) से छेड़छाड़ करने व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने को लेकर 29 अगस्त 2017 को थाना पिलखुवा में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत थाना पिलखुवा में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसकी जांच चल रही है।
एडीएम रजनीश राय ने बताया कि राजकीय खाद्य विश्लेषक द्वारा मिल्क पाउडर के नमूने विशुद्ध घोषित किए गए हैं। परीक्षण और पुलिस जांच की रिपोर्ट के मद्देनजर आनंदा पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।