सांसद बनकर तहसीलदार पर रौब दिखाने वाले दो युवक दबोचे
जमीनी मुकदमे को अपने पक्ष में कराने का दबाव डाल रहे थे
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। सांसद बनकर तहसीलदार पर रौब दिखाने वाले दो युवक पकड़ दबोचे गए हैं जो जमीनी मुकदमे को अपने पक्ष में कराने का दबाव डाल रहे थे।
तीन दिन से दो युवक मोबाइल से कॉल कर तहसीलदार पर रौब दिखा रहे थे, जो खुद को भाजपा सांसद कंवर सिंह तंवर बताकर बहादुरगढ़ क्षेत्र से जुड़े एक जमीनी मुकदमे को नन्हे खां के पक्ष में तय कराने का दबाव बना रहे थे। शक होने पर तहसीलदार मनोज कुमार सिंह ने क्षेत्रीय सांसद से मोबाइल पर बात की तो उन्होंने खुद को मुंबई में बता कोई भी फोन करने से साफ इंकार कर दिया। इस पर तहसीलदार ने मोबाइल नंबर की आईडी निकलवा ली, लेकिन धरपकड़ की कोई कोशिश चालू किए बिना ही दोनों युवक शुक्रवार को तहसीलदार के पास पहुंचकर मुकदमे को तय करने की बात कहने लगे। इस पर तहसीलदार ने उन्हें बातों में लगा लिया और सूचना देकर बुलाए कर्मचारियों के हाथों पकड़वा दिया। तहसीलदार ने बताया कि सूचना पर आई पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में कोतवाली को भेज दिया गया है। इंस्पेक्टर दीपक त्यागी का कहना है कि पकड़े गए युवकों सलमान और शाहिद निवासी बहादुरगढ़ से पूछताछ की जा रही है, जिसमें सच्चाई सामने आने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।