लखनऊ से आएगी कॉल, पल भर में देना होगा ब्यौरा
मेगा कॉल सेंटर स्कीम के तहत सीधे लखनऊ मुख्यालय से कॉल आएगी, जिससे संबंधित जानकारी का ब्यौरा पल भर में देना होगा। इसको लेकर एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी और ग्राम प्रधानों को विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन का प्रशिक्षण दिया गया।
शासन स्तर पर चलाई जा रही मेगा कॉल सेंटर स्कीम के तहत गढ़ के ब्लॉक कार्यालय में बृहस्पतिवार को कैंप लगाया गया। कैंप में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी और ग्राम प्रधानों को सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का प्रशिक्षण दिया।
उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं में होने वाली धांधली की रोकथाम के मकसद से मेगा कॉल सेंटर स्कीम चलाई गई है। इसके तहत पोषाहार वितरण, टीकाकरण, कुपोषित बच्चों को दवा बांटने से संबंधित सारी जानकारी लखनऊ मुख्यालय से मोबाइल के माध्यम से ली जाएगी।
उन्होंने बताया कि नगर और देहात अंचल में अनपढ़ और अशिक्षित दाई प्रसव कराती हैं, जिसमें असावधानी और गंभीर चूक होने से जच्चा समेत नवजात बच्चों की मौत होने के मामले सामने आते रहते हैं।
इसलिए शासन ने दाइयों का प्रचलन रोकने का जिम्मा ग्राम प्रधानों समेत एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी को सौंपा है। कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस स्कीम के तहत प्रदेश स्तर पर प्रतिमाह 12 लाख किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कैंप में एडीओ पंचायत सुनील कुमार, ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी मुहम्मद अफजाल, मुकेश कुमार, सीडीपीओ कमलेश, प्रधान सुरेश चौहान, बालेश्वर मौजूद रहे।