प्रभारी मंत्री ने नहीं सुनीं समस्या तो भड़के उद्यमी
अधिकारियों के कहने पर रविवार को मेरठ रोड स्थित गेस्ट हाउस पर प्रभारी मंत्री से विभिन्न समस्याओं को लेकर मिलने पहुंचे उद्यमियों को अंदर नहीं घुसने दिया गया।
इस बात से गुस्साए उद्यमियों ने हंगामा कर प्रभारी मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। हापुड़ स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सचिव अमन गुप्ता ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार यदि जिले में किसी मंत्री का आगमन
होता है तो वह उद्यमियों की समस्याओं को अवश्य सुनेंगे। रविवार को प्रभारी मंत्री सत्यदेव पचौरी मेरठ रोड स्थित गेस्ट हाउस में आए हुए थे।
उन्होंने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों के कहने पर वह प्रभारी मंत्री को जीएसटी, इंडस्ट्रियल एरिया समेत अनेक समस्याओं से अवगत कराने गेस्ट हाउस पहुंचे थे। उद्यमियों के साथ वहां सौतेला व्यवहार किया गया।
यहां तक की उन्हें अंदर तक नहीं घुसने दिया। इससे गुस्साए उद्यमियों ने गेस्ट हाउस पर हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच प्रभारी मंत्री भी वहां पहुंच गए। लेकिन उन्होंने उद्यमियों का ज्ञापन लेने से इंकार कर दिया।
इसके विरोध में उद्यमियों ने नारेबाजी भी की। वहीं, उद्यमियों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को अवगत कराने की भी चेतावनी दी है।
इस मौके पर अशोक छारिया, पुरुषोत्तम वर्मा, पंजक, संजय अग्रवाल, सुनील जैन मौजूद रहे।