अब जिला प्रशासन करेगा सुमन-स्नेह सम्मानित
हापुड़। अमेरिका से ऑस्कर अवार्ड लेकर लौटने वाली काठीखेड़ा की बहु-बेटी का जिला प्रशासन भी 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मान करेगा। जिलाधिकारी अदिति सिंह ने इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी दीपा रंजन ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि काठीखेड़ा गांव की बहु सुमन और बेटी स्नेह के कारोबार सैनिटरी पैड बनाने को लेकर बनी लघु फिल्म पीरियड : एण्ड ऑफ सेंटेंस को ऑस्कर अवार्ड मिलना हापुड़ जिले ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। उक्त अवार्ड जीतने की सूचना के बाद ही जिला प्रशासन ने दोनों को सम्मानित करने का निर्णय ले लिया था।
उन्होंने बताया कि अब 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सुमन और स्नेह को जिलाधिकारी अदिति सम्मानित करेंगी। इस संबंध में उन्हें सूचना भेजी जा रही है। इस मौके पर वहां की ग्राम प्रधान साक्षी को भी सम्मानित किया जायेगा।
बुलंदशहर में भी होगा सम्मान
हापुड़। ऑस्कर अवार्ड जीतकर अमेरिका से लौटी काठीखेड़ा की बहु सुमन और बेटी स्नेहा का अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च को अपराह्न करीब तीन बजे बुलंदशहर की नुमाइश में सम्मान किया जाएगा। यह सम्मान वहां की एनजीओ नवदीप सामाजिक विकास संस्था द्वारा किया जायेगा। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष सचिन एन वर्मा ने बताया कि सुमन और स्नेह का सम्मान करने से अन्य लड़कियों को कुछ कर दिखाने की प्रेरणा मिलेगी।