अहेरिया समाज के उत्थान के लिए एकजुटता जरुरी
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ नगर के मोहल्ला राजीव नगर में रविवार को अहेरिया समाज के सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें समाज के बुजुर्ग और होनहार युवाओं को सम्मानित किया गया।
हरियाणा के जनपद करनाल से आए मुख्य अतिथि राजेंद्र अहेरिया ने कहा कि अहेरिया समाज उत्थान समिति समाज के लोगों की सेवा के लिए लगातार काम कर रही है। समाज के उत्थान के लिए युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं को एकजुट होकर सामाजिक कामों में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। अहेरिया समाज आर्थिक और सामाजिक तौर पर पिछड़ा और शोषित है, जिसके उत्थान के लिए केंद्र-प्रदेश सरकार से एससी जाति के प्रमाण पत्र की मांग भी की जा रही है। पालिका सभासद टीका राम अहेरिया ने कहा कि समाज के युवाओं में तेजी के साथ बुराई बढ़ रही हैं, जिसकी रोकथाम के लिए बुजुर्गों को युवाओं का मार्गदर्शन करना चाहिए। इस मौके पर बिट्टू, जितेंद्र, प्रिंस, नरेंद्र, विजय, कुंदन, बाबू राम, बाल किशन समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।