अब शराब की बोतलों पर लिखा होगा बार कोड
हापुड़। शराब तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी विभाग बार कोड सिस्टम लागू करने जा रहा है। डिस्टिलरी से निकलने वाली सभी बोतल और पेटी बार कोड से लॉक की जाएगी। इससे प्रत्येक बोतल की जानकारी विभागीय अफसरों को एक क्लिक पर मिल सकेगी।
फिलहाल यूपी में बिकने वाली शराब पर बार कोड सिस्टम लागू नहीं है। इस कारण शराब तस्कर दूसरे राज्यों से शराब की तस्करी कर उसमें उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग का होलोग्राम लगा देते थे। इससे विभाग को राजस्व हानि झेलनी पड़ती थी, साथ ही लोगों की सेहत से भी खिलवाड़ हो रहा था।
इस समस्या से निजात पाने के लिए अब आबकारी विभाग ने शराब की बोतल, पेटियों पर बार कोड सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया है। एक महीने के अंदर यह नई व्यवस्था लागू करने का बात अफसर कह रहे हैं। इस व्यवस्था के लागू होने से प्रत्येक बोतल व पेट बार कोर्ड से लॉक हो जाएगी। आबकारी विभाग में शराब की बोतलों के साथ पेटियों का डिस्टिलरी से लेकर दुकान से बिक्री तक का डाटा सुरक्षित रहेगा।
जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि डिस्टिलरी से जो शराब की बोतल, पेटी निकलेगी उस पर बार कोड अंकित होगा। इस व्यवस्था के बाद शराब की तस्करी नहीं हो सकेगी।